Home / राजनीति / चंदौली मुठभेड़: छह साल की मासूम के दरिंदे घायल! पुलिस की जवाबी कार्रवाई में दोनों के पैर में लगी गोली — सिपाही भी घायल

चंदौली मुठभेड़: छह साल की मासूम के दरिंदे घायल! पुलिस की जवाबी कार्रवाई में दोनों के पैर में लगी गोली — सिपाही भी घायल

जनता की आवाज ✍️

चंदौली। छह वर्षीया मासूम के साथ दुष्कर्म और निर्मम हत्या के जघन्य अपराध से कांप उठे जिले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपी दरिंदों को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। शुक्रवार की दोपहर अलीनगर पुलिस टीम ने मुख्य आरोपी रंजीत और उसके साथी लखराज को मुठभेड़ के दौरान पकड़ लिया। दोनों अपराधियों के पैरों में पुलिस की गोली लगी है, वहीं मुठभेड़ में एक सिपाही रोशन यादव भी अपराधियों की गोली से घायल हुए हैं। तीनों को इलाज के लिए तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

घटना ने जिले ही नहीं, पूरे पूर्वांचल को झकझोर दिया था। मासूम बच्ची के साथ यह हैवानियत अलीनगर थाना क्षेत्र के रेवसां गांव के पास हुई थी। पुलिस के मुताबिक, सोमवार की रात लगभग नौ बजे बच्ची अपने चाचा के घर से लौट रही थी, लेकिन रास्ते से गायब हो गई। देर रात जब वह घर नहीं पहुंची, तो परिजनों ने उसकी खोजबीन शुरू की। कुछ दूरी पर बच्ची के रक्तरंजित कपड़े, बिस्कुट-टॉफी के रैपर और गुटखा के पैकेट मिले, जिससे अनहोनी की आशंका बढ़ गई। आसपास तलाश करने पर भूसे के ढेर में मासूम का शव मिला — जिसने पूरे गांव को सन्न कर दिया।

पुलिस ने घटनास्थल से फॉरेंसिक साक्ष्य जुटाए और बच्ची के कपड़े, खाने-पीने की वस्तुएं और अन्य सबूत लैब भेजे। प्रारंभिक जांच में दुष्कर्म की पुष्टि हुई थी।

मुठभेड़ की पूरी कहानी:
अपर पुलिस अधीक्षक अनंत चंद्रशेखर ने बताया कि दोनों अभियुक्तों को न्यायालय ले जाया जा रहा था, तभी रास्ते में पुलिस वाहन खराब हो गया। इस दौरान मौका पाकर अपराधियों ने एक दरोगा की रिवॉल्वर छीन ली और फायरिंग करते हुए भागने की कोशिश की। उनकी गोली से सिपाही रोशन यादव घायल हो गए। इसके बाद पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की, जिसमें दोनों अपराधियों के पैरों में गोली लगी।

मुठभेड़ की जानकारी मिलते ही अपर पुलिस अधीक्षक, सीओ दीनदयाल नगर और अलीनगर थानाध्यक्ष भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए। घायल अपराधियों को पकड़कर कड़ी सुरक्षा में अस्पताल में भर्ती कराया गया।

पुलिस का सख्त संदेश:
अधिकारियों ने कहा कि मासूम के साथ दरिंदगी करने वालों को किसी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। वारदात में शामिल अन्य संभावित आरोपियों की भी जांच जारी है।

इस मुठभेड़ के बाद गांव में राहत की सांस है — लोग पुलिस की तत्परता और कार्रवाई की सराहना कर रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *