जनता की आवाज ✍️
वाराणसी। जिलाधिकारी सतेंद्र कुमार ने शनिवार को ईएसआईसी अस्पताल का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने पर जोर देते हुए अस्पताल प्रबंधन को कई महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने सबसे पहले दवा वितरण काउंटर पर पहुंचकर व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होंने पाया कि दवा लेने वालों की संख्या अधिक होने से मरीजों को लाइन में खड़ा होना पड़ रहा है। इस पर उन्होंने तत्काल अतिरिक्त दवा काउंटर बढ़ाने के निर्देश दिए, ताकि मरीजों को किसी तरह की असुविधा न हो।
डीएम ने ओपीडी, आपातकालीन कक्ष और भर्ती वार्डों की व्यवस्था भी देखी और मरीजों से उनकी समस्याएं पूछीं। उन्होंने साफ-सफाई और समय से इलाज सुनिश्चित करने पर अस्पताल प्रशासन को कड़े निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि “मरीजों की सुविधा सर्वोपरि है, लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।”
निरीक्षण के दौरान उन्होंने अस्पताल के अधिकारियों से डॉक्टरों की उपस्थिति रजिस्टर भी जांची और आवश्यक सुधारात्मक कदम उठाने के लिए कहा।
इससे पहले जिलाधिकारी सतेंद्र कुमार ने मानसिक अस्पताल परिसर में बन रहे मेडिकल कॉलेज के निर्माण कार्यों का भी निरीक्षण किया। उन्होंने निर्माण की गुणवत्ता और कार्य प्रगति की जानकारी ली तथा संबंधित अधिकारियों को निर्धारित समयसीमा में कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए।
डीएम के इस निरीक्षण से स्वास्थ्य विभाग में हलचल मच गई है। मरीजों और आम नागरिकों ने जिलाधिकारी के इस सक्रिय रुख की सराहना की है, यह कहते हुए कि “अगर इसी तरह प्रशासनिक निगरानी बनी रही तो सरकारी अस्पतालों की तस्वीर जरूर बदलेगी।”










