Home / शिक्षा / लखनऊ के रेलवे हॉस्पिटल में भीषण आग: 22 मरीजों को बचाया गया, तीन मंजिला अस्पताल में भरा धुआं, अफरा-तफरी

लखनऊ के रेलवे हॉस्पिटल में भीषण आग: 22 मरीजों को बचाया गया, तीन मंजिला अस्पताल में भरा धुआं, अफरा-तफरी

लखनऊ में आलमबाग स्थित रेलवे हॉस्पिटल में सोमवार तड़के भीषण आग लग गई। आग से तीन मंजिला अस्पताल में धुआं भर गया। मरीजों और अस्पताल स्टाफ का दम घुटने लगा। अफरा-तफरी मच गई।

.

धुआं भरने से अस्पताल के क्रिटिकल केयर यूनिट (CCU) में भर्ती 22 मरीज फंस गए। अस्पताल के फायर अलार्म बजने लगे। मरीज और उनके परिजन दहशत में आ गए। तुरंत परिजनों और स्टाफ ने जैसे-तैसे CCU में भर्ती मरीजों का रेस्क्यू किया।

आग की सूचना सुबह 5.38 बजे फायर कंट्रोल रूम को दी गई। दमकल की टीम 5.48 बजे मौके पर पहुंची। करीब एक घंटे बाद आग पर काबू पाया जा सका। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, अस्पताल के भूतल पर बने सीसीटीवी सर्वर रूम में शॉर्ट सर्किट हुआ।

शॉर्ट सर्किट से सर्वर रूम में आग की लपटें उठने लगी। कुछ ही देर में आग ने ग्राउंड फ्लोर को चपेट में ले लिया। धुआं अस्पताल के फर्स्ट फ्लोर पर बने CCU यूनिट में भर गया।

हादसे की 3 तस्वीरें…

लखनऊ में आलमबाग स्थित उत्तर रेलवे के अस्पताल में सीसीटीवी और सर्वर रूम में शॉर्ट सर्किट से आग लग गई।

दमकल की टीम ने तेजी से राहत-बचाव कार्य शुरू किया और आग पर काबू पाया।

यह सर्वर रूम की तस्वीर है, जहां शार्ट सर्किट के बाद आग लगी थी।

अस्पताल में मचा हड़कंप, सीढ़ियों से सुरक्षित निकाले मरीज अचानक धुआं और लपटें उठने से अस्पताल में चीख पुकार मच गई। धुएं के कारण CCU वार्ड में मरीजों के लिए सांस लेना मुश्किल हो गया। लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे। दमकल की दो गाड़ियां तत्काल मौके पर पहुंचीं।

दमकल स्टॉफ ने रैंप और सीढ़ियों के रास्ते सभी 22 मरीजों को बाहर निकाला। गंभीर और बुजुर्ग मरीजों को स्ट्रेचर और व्हीलचेयर के जरिए निकाला। आग कंट्रोल होने के बाद उन्हें दूसरे वार्ड में शिफ्ट किया गया। ऑक्सीजन सपोर्ट दिया गया।

आलमबाग फायर स्टेशन प्रभारी धर्मपाल सिंह ने बताया- 1 घंटे के अंदर आग पर पूरी तरीके से काबू पा लिया गया। आलमबाग और हजरतगंज फायर स्टेशन से एक-एक गाड़ियां पहुंची थी। मरीज को रेस्क्यू कर कर दूसरे वार्ड में शिफ्ट किया गया।

मरीजों को स्ट्रेचर और व्हीलचेयर के जरिए सुरक्षित बाहर निकाला गया।

सर्वर रूम में लगी आग, फर्स्ट फ्लोर तक भरा धुआं फायर अफसरों ने बताया- आग सीसीटीवी सर्वर रूम में लगी थी, जो ग्राउंड फ्लोर पर बना था। धुआं सीधे ऊपर फर्स्ट फ्लोर तक पहुंच गया। जहां CCU में 22 मरीज भर्ती थे। अस्पताल की इमरजेंसी यूनिट ग्राउंड फ्लोर के दाहिनी ओर है, जहां उस वक्त 10 से अधिक मरीज भर्ती थे। मेडिकल स्टाफ ने तुरंत इमरजेंसी वार्ड का गेट बंद कर दिया, जिससे धुआं अंदर न जा सके।

फायर अफसरों के मुताबिक- सर्वर रूम की वायरिंग पूरी तरह जलकर खाक हो गई। समय से राहत कार्य शुरू हो जाने से कोई बड़ा नुकसान या जनहानि नहीं हुई। फायर ब्रिगेड की टीम ने स्मोक गन और एक्सट्रैक्शन फैन की मदद से धुएं को बाहर निकाला।

फायर ब्रिगेड की टीम और अस्पताल के स्टाफ ने बुजुर्ग मरीजों को दूसरे वार्ड में शिफ्ट किया।

गंभीर और बुजुर्ग मरीजों को स्ट्रेचर और व्हीलचेयर के जरिए सुरक्षित बाहर निकाला गया।

प्रशासन ने दिए जांच के आदेश रेलवे ने अस्पताल में लगी आग की जांच के आदेश दे दिए हैं। सीएमएस डॉ. संगीता सागर ने बताया कि कोई जनहानि नहीं हुई। शॉर्ट सर्किट से आग लगने की सूचना पर फायरकर्मी पहुंचे थे। आग बुझा दी गई है। मरीज, उनके परिजन और अस्पताल का स्टाफ सुरक्षित हैं। दमकल विभाग के अधिकारी ने बताया कि अगर फायर यूनिट समय पर नहीं पहुंचती, तो धुएं के कारण कई मरीजों की स्थिति गंभीर हो सकती थी। फिलहाल स्थिति पूरी तरह सामान्य है। सभी वार्डों में चिकित्सा सेवाएं बहाल कर दी गई है।

हॉस्पिटल परिसर में 20 RPF जवानों को तैनात किया गया है।

20 RPF जवान हॉस्पिटल में तैनात

आग लगने की सूचना के बाद डीआरएम, RPF समेत कई अधिकारी मौके पर पहुंचे और जायजा लिया। हॉस्पिटल में RPF की 20 जवानों को अलग-अलग जगह तैनात कर दिया गया है।

——————————

यह भी पढ़ें

यूपी में नेता ही नहीं, संत-मौलाना को भी चाहिए सिक्योरिटी:98 लोगों के पास कैटेगराइज सुरक्षा, आजम केस में क्या हुआ?

समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता और राष्ट्रीय महासचिव आजम खान ने सुरक्षा लेने से इनकार कर दिया है, लेकिन लिखा-पढ़ी में उन्होंने मना नहीं किया है, इसलिए उनके लिए आवंटित सुरक्षा कर्मी उनके पास भले न हों, उनके इर्द-गिर्द मौजूद हैं। आजम खान को वाई श्रेणी की सुरक्षा प्राप्त है। जेल जाने के बाद उनकी सुरक्षा को निलंबित रखा गया था। जमानत मिलने और जेल से रिहा होने के बाद उनकी सुरक्षा बहाल कर दी गई। लेकिन ये सुरक्षा कर्मी जब अपनी ड्यूटी निभाने पहुंचे तो आजम खान ने उन्हें मना कर दिया। पूरी खबर पढ़िए

Source

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *